मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक पानी की टंकी पर चढ़ गया। युवक चार घंटे तक टंकी पर खड़ा रहा और नीचे छलांग लगाने की धमकी देता रहा। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचे और सायरन बजाती गाड़ियां तैनात की गईं।
धनपुरी थाना क्षेत्र का मामला
यह घटना धनपुरी थाना क्षेत्र के विलियस नंबर-1, वार्ड नंबर-3 स्थित पानी टंकी की है। टंकी पर चढ़े युवक की पहचान गोलू के रूप में हुई है। नीचे बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
कभी धमकी, कभी मांगें रखता रहा युवक
चार घंटे तक युवक कभी टंकी के किनारे जाकर कूदने की धमकी देता रहा, तो कभी अपनी मांगें रखता रहा। हर कुछ देर में स्थिति और तनावपूर्ण हो जाती थी। पुलिस लगातार युवक को समझाने का प्रयास करती रही।
मानसिक रूप से कमजोर बताया जा रहा युवक
परिजनों ने बताया कि गोलू मानसिक रूप से कमजोर है। उसकी सुरक्षा को लेकर पहले भी उसे घर में बांधकर रखने की स्थिति बनी थी। इसी बात को लेकर नाराज होकर वह घर से निकल गया और पानी की टंकी पर चढ़ गया।
पहले भी टावर पर चढ़ चुका है युवक
जानकारी के अनुसार यह पहली बार नहीं है, जब युवक ने ऐसा किया हो। इससे पहले 17 जनवरी को वह 100 रुपये की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर भी चढ़ चुका था। उस समय भी पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी थी।
पुलिस-प्रशासन की कड़ी मशक्कत
मौके पर धनपुरी थाना प्रभारी खेम सिंह पेंद्रो पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। पुलिस ने समझाइश, बातचीत और रेस्क्यू की तैयारी के जरिए स्थिति को संभालने की कोशिश की। भीड़ बढ़ने के कारण पुलिस को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ी।
लोगों की भीड़, मोबाइल कैमरे रहे ऑन
घटना के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। कई लोग मोबाइल से वीडियो बनाते नजर आए। प्रशासन के लिए स्थिति को नियंत्रित करना एक बड़ी चुनौती बन गया था।
प्रशासन की सतर्कता से टला हादसा
काफी देर की कोशिशों के बाद स्थिति को नियंत्रण में लाया गया। प्रशासन की सतर्कता से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। मामले को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।












